डूंगरपुर। शहीद दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी जिला दर्शन समिति एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में जिला मुख्यालय पर रविवार को शांति मार्च एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में तहसील चौराहे पर स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय भोगीलाल पंड्या की मूर्ति को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात पैदल शांति मार्च राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय रामधुन एवं भजनों के साथ तथाभारत माता की जय के उद्घोषओं के बीच जिला कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचा, जहां पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर सूत की माला व पुष्प मालाओं के द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा ने कहा कि गांधी का जीवन दर्शन उनके सिद्धांत की आज वर्तमान युग में महत्ती आवश्यकता है। हमें उनके आदर्शों और सिद्धांतों का न केवल अनुसरण करना चाहिए बल्कि उनको आत्मसात भी करना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे गांधी के साहित्य दर्शन को पढ़ें। इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री असरार अहमद ने कहा कि गांधजी ने ना केवल भारत को बल्कि समूचे विश्व को विश्व शांति की स्थापना हेतु अहिंसा जैसा महत्वपूर्ण सिद्धांत दिया है। उन्होंने कहा कि गांधीजी के आदर्शों ने भारत को समूचे विश्व में एक नई पहचान दी है। इस अवसर पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक डॉ शंकर यादव ने कहा कि शहीद दिवस के अवसर पर हमारा कर्तव्य है कि हम भावी पीढ़ी को भी आजादी के संघर्षों की गाथाओं को बताएं, जिससे वे हमारी गौरवशाली संस्कृति, सभ्यता और त्याग, समर्पण जैसी परंपराओं से रूबरू हो सकें। इस अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जिला कलेक्टर श्रीमती शुभम चौधरी ने अपने प्रारंभिक शिक्षा काल में मनाये जाने वाले शहीद दिवस को याद करते हुए गांधी जी के प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से उनके जीवन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी वे शख्सियत हैं, जिनको विज्ञान, धर्म और दर्शन सभी नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढिय़ों को भी हमें उन तमाम शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा महापुरुषों के जीवन आदर्शों से समय-समय पर रूबरू कराना होगा, जिससे वे उच्च जीवन आदर्शों को आत्मसात कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन करते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी अतुल प्रकाश ने कहा कि शहीदों की चिताओं पर हर बरस लगेंगे मेले और उनके कदमों के निशान हमें प्रेरणा देते रहेंगे। इस मौके पर समस्त ज्ञात-अज्ञात शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक जनसंपर्क श्रीमती छाया चौबीसा ने किया। शांति मार्च एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम के दौरान उप जिला प्रमुख सुरता परमार, उपखंड अधिकारी डूंगरपुर मणिलाल तिर्गर, पूर्व प्रधान लक्ष्मण कोटेड समाजसेवी नारायण लाल पंड्या, भरत नागदा, शार्दुल चौबीसा, पूर्व जिला परिषद सदस्य बालकृष्ण परमार, केवलराम, सुखदेव यादव, महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति सह संयोजक उमेश रावल, ट्रैफिक इंचार्ज रमेश पाटीदार, जिला शिक्षा अधिकारी अमृत लाल कलाल, नेहरू युवा केंद्र जिला समन्वयक प्रदीप मीणा, स्काउट सीईओ ललित बरांडा सहित गणमान्य जन प्रतिनिधि गण एवं अधिकारीगण, नेहरू युवा केंद्र के युवा समन्वयको ने अपनी गौरवमयी उपस्थिति दी।
कार्यक्रम में नगर परिषद डूंगरपुर, नेहरू युवा केंद्र के युवा समन्वयकों एवं स्काउट्स की सराहनीय सेवाएं रही। नेहरू युवा केंद्र के द्वारा कार्यक्रम से पूर्व मास्क वितरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
---000---
0 टिप्पणियाँ