डूंगरपुर। शहर के वार्ड 8 सलाटवाड़ा में स्थित जर्जरहाल पुराना विजय स्कूल भवन की समस्या को लेकर वार्ड पार्षद ब्रिजेश कुमार सोमपुरा ने जिला कलेक्टर शुभम चौधरी को ज्ञापन सौंपा। पार्षद सोमपुरा ने बताया कि आवासीय क्षेत्र में स्थित पुराना विजय स्कूल का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। इस भवन के गिरने की आशंका के चलते क्षेत्रवासियों में भय बना हुआ है। जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने से जान-माल का नुकसान हो सकता है। ज्ञापन में बताया कि सालो पहले इस जर्जरहाल भवन में राजकीय विजय स्कूल का संचालन होता था लेकिन भवन के क्षतिग्रस्त व नकारा घोषित होने के बाद विद्यालय को नवीन भवन में स्थानान्तरित कर दिया गया था, जिसके बाद से यह भवन पूरी तरह खाली व अनुपयोगी पड़ा है। उचित संरक्षण के अभाव में यह ऐतिहासिक भवन खंडहर में तब्दील हो चुका है। इस भवन में फैली गंदगी, विषैले जानवर और असामाजिक गतिविधियों से वार्डवासी बहुत परेशान रहते है। हाल में वार्डवासियों द्वारा इस भवन की सफाई के लिए श्रमदान किया गया है। पार्षद सोमपुरा ने जिला कलेक्टर से यह मांग की है कि क्षेत्रवासियों की परेशानी को देखते हुए जर्जरहाल इस भवन को धराशायी करवाकर उक्त स्थान का उपयोग जनहित के लिए किया जाए।
-----------------
0 टिप्पणियाँ