जिला परिषद सदस्यों ने जनसमस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर के नाम उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन


 जिला परिषद सदस्यों ने जनसमस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर के नाम उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

डूंगरपुर/संतोष व्यास। जिले के विभिन्न वार्डों के जिला परिषद सदस्यों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक का बहिष्कार किया तथा जनसमस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर के नाम उपखंड अधिकारी डूंगरपुर मणिलाल तीरगर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया कि गत दिनों साबला पंचायत समिति में प्रधान के साथ जातिगत अपमानित करने व गालीगलौज करने वाले कर्मचारी मितेश भट्ट को तत्काल गिरफ्तार कर उक्त कर्मचारी द्वारा बिना प्रधान की अनुशंसा की 35 लाख की जो स्वीकृतियां निकाली गई है उसकी जांच की जाए और उस पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही कांकरी डूंगरी प्रकरण में जो गिरफ्तारियां हो रही है उसको रोका जावे और सभी के चालान पेश हो और जो आगजनी हुई है उसकी सीबीआई जांच की जाए तथा कांकरी डूंगरी प्रकरण को लेकर पिछले कई गुरुवार से जनप्रतिनिधि धरने पर बैठ रहे हैं उसको लेकर जिला प्रशासन ने सरकार को कितने पत्र लिखें और अब तक जिला प्रशासन ने धरना स्थल पर बैठे जनप्रतिनिधियों से कितनी बार चर्चा की, जिसकी जानकारी दी जाए। जिले के विभिन्न पंचायत समितियों में भेदभाव नीति से किसी पंचायत समिति में ज्यादा व किसी पंचायत समिति में कम ग्राम विकास अधिकारी (सचिव) लगे हुए हैं, उनको सभी पंचायत समितियों में समान अनुपात में लगाया जाए। सभी जिला परिषद सदस्यों को समान रूप से कार्य की स्वीकृति दी जाए। डूंगरपुर जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा कोरोना का बहाना बनाकर जो रोज गरीब आदिवासियों के चालान काटे जा रहे हैं उन्हें बंद किया जाए, सहित विभिन्न मुद्दों को ज्ञापन के माध्यम से जिला कलेक्टर को अवगत कराया तथा समस्याओं के निस्तारण की मांग की गई। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सुरमाल रोत, कमलेश अहारी, वीणा कटारा, किरपा मेणात, पार्वती मीणा, ललिता मीणा, पार्वती डोडा, माया कलासुआ मौजूद रहे।

------------------


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ