अवैध मदिरा के विरूद्ध विशेष निरोधात्मक अभियान 4051 धावों में 163 गिरफ्तार, 182 भट्टियां नष्ट

 उदयपुर। अवैध मदिरा को लेकर राज्य सरकार की जीरो टोलरेंस नीति के तहत आबकारी आयुक्त श्री चेतन देवड़ा के निर्देश में प्रदेश भर में 25 जनवरी से विशेष अभियान जारी है। 31 जनवरी तक अभियान के तहत 4051 धावे आयोजित कर 163 को गिरफ्तार किया गया है।

आबकारी आयुक्त ने बताया कि विशेष निरोधक अभियान के तहत जोन अतिरिक्त आबकारी आयुक्तों के नेतृत्व में प्रत्येक जिले में कार्रवाइयां जारी हैं। सोमवार तक अभियान के तहत की गई कार्रवाइयों में 442 साधारण व 108 महत्वपूर्ण प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 4723 बोतल देशी मदिरा, 4222 बोतल भारत निर्मित विदेशी मदिरा, 289 बोतल बीयर, 4181 बोतल हथकढ़ शराब एवं 520 लीटर वॉश जब्त किया गया। प्रदेशभर में हुई कार्रवाइयों के दौरान 182 भट्टियां नष्ट करते हुए 1 लाख 43 हजार 9 सौ लीटर वॉश भी नष्ट किया। इस दौरान 32 चालू भट्टियां भी पकड़ीं। 12 दोपहिया व 1 भारी वाहन भी जब्त किया गया।
बुधवार को वीसी में होगा रिव्यू
श्री देवड़ा ने बताया कि बुधवार को विडियो कॉंफ्रेंस के माध्यम से अभियान की समीक्षा की जाएगी एवं आगे की रणनीति पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रदेश में अवैध मदिरा के उत्पादन, परिवहन या भंडारण पर पूरा अंकुश लगाया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ