रेलमगरा पंचायत समिति सभागार में आयोजित हुआ आशा सम्मेलन
राजसमंद। प्रत्येक गांव में कार्यरत आशा सहयोगिनी अब प्राथमिकता के साथ चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा येाजना से हर परिवार को जोड़ेगी। इसके लिये आशा घर घर संपर्क करेगी तथा योजना से वंचित परिवार के सदस्यो को योजना के लाभ के बारे में विस्तार से समझायेंगी। इसको लेकर विस्तार से सीएमएचओ डॉ प्रकाश चन्द्र शर्मा ने रेलमगरा पंचायत समिति सभागार में आयोजित आशा सम्मेलन में आशाओं को जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के पात्र परिवार, लघु एवं सीमान्त किसान, संविदा कार्मिको का जहां नि:शुल्क स्वास्थ्य बीमा किया जा रहा है। वही अन्य परिवारो को मामूली 850 रूपये की वार्षिक प्रीमियम देने पर 5 लाख तक का उपचार प्राईवेट और सरकारी हॉस्पीटल में मुफ्त में किया जा रहा है, तथा जिले में भी लगभग सभी बड़े निजी एवं सरकारी चिकित्सा संस्थान योजना में नि:शुल्क उपचार कर रहे है।
उन्होंने सम्मेलन में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमो को लेकर विस्तार से आशा सहयोगिनयो के बीच चर्चा की तथा कार्यक्रमो को आमजन तक पहुंचाने का आव्हान किया।
सम्मेलन में डिप्टी सीएमएचओ परिवार कल्याण डॉ ताराचंद गुप्ता ने परिवार कल्याण कार्यक्रम, कृमि मुक्ति कार्यक्रम, अनिमिया मुक्त राजस्थान, सघन दस्त नियंत्रण कार्यक्रमो को लेकर विस्तार से जानकारी दी तथा उन्हे कार्यक्रमो को योग्य लाभार्थियो तक पहुंचाने तथा लाभान्वित कराने के लिये निर्देशित किया।
बैठक में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राष्ट्रसहना आजाद, खंड कार्यक्रम प्रबंधक प्रकाश रेगर सहित रेलमगरा ब्लॉक की सभी आशा उपस्थित थी।
0 टिप्पणियाँ