तीन मेट ब्लैक लिस्टेड, दो कार्मिकों को शास्ती, छात्रावास में जांची खाद्य सामग्री की गुणवत्ता
डूंगरपुर। जिला कलक्टर श्रीमती शुभम चौधरी ने जिले में नियुक्त के बाद पहली बार मंगलवार को उपखंड आसपुर का तूफानी दौरा करते हुए मनरेगा कार्यों सहित अनेक राजकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया तथा अनियमितता पर कार्यवाही भी की।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर श्रीमती चौधरी सबसे पहले ग्राम पंचायत मोवाई एवं बनकोड़ा में चल रहे महात्मा गांधी नरेगा कार्यों ग्राम पंचायत मोवाई में ग्रेवल सडक़ माय मुख्य सडक़ तथा ग्राम पंचायत बनकोड़ा में पक्का कच्चा चेक डैम निर्माण कार्य पर पहुंची। वहां पर उन्होंने कार्यस्थल पर सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए कार्य विवरण डिस्प्ले बोर्ड, आवश्यक दवाइयों, पेयजल की उपलब्धता, छाया की व्यवस्था, मजदूरी भुगतान की नियमितता, टास्क के आधार पर भुगतान, गत पखवाड़े की औसत प्रतिदिन मजदूरी, जारी मस्टरोल, दर्ज श्रमिक, मौके पर उपस्थित श्रमिक, समूह में कार्य आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने अनियमितता पर तीन मेट निशा, नीलम व दीपक को ब्लैक लिस्टेड किया वही वीडीओ धनराज एवं एलडीसी देवीलाल को कार्य स्थल पर देरी से पहुंचने एवं कोताही बरतने पर नियम के तहत दोनों पर एक-एक हजार की शास्ति लगाते हुए सप्ताह भर में जमा करवाने के निर्देश दिए।
पीएचसी बनकोड़ा में मरीजों से ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर चौधरी ने पीएचसी बनकोड़ा पहुंचकर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा वहां मौजूद मरीजों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सक डॉ जगदीश शर्मा से कोरोना संक्रमण की स्थिति, कोविड-वैक्सीनेशन तथा अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
टेल तक पहुंचे पानी
इसके पश्चात जिला कलक्टर श्रीमती चौधरी सोम कमला आंबा डेम पर पहुंची तथा बांध क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बांध की क्षमता, उपलब्ध पानी, सिंचित क्षेत्र तथा बांध से जुड़ी नहरों के संबंध में जानकारी ली । इस दौरान उन्होंने निर्धारित समय अवधि में नहरों के माध्यम से टेल तक पानी पहुंचा कर किसानों को राहत देने की निर्देश दिए।
ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की ली बैठक
आसपुर क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर चौधरी ने तहसील व उपखंड कार्यालय का भी निरीक्षण किया और आसपुर पंचायत समिति सभागार में ब्लोक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में कलक्टर चौधरी ने विभागों के अधिकारियो से क्षेत्र में उनके द्वारा करवाए जा रहें विकास कार्यो व योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण करते हुये संपादित गतिविधियों एवं संधारण को देखा। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यो को निर्धारित समय पर गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए पूर्ण करवाकर क्षेत्रवासियों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक आसपुर से क्षेत्र में कानून व्यवस्था की भी जानकारी ली।
छात्रावास में देखी रसोई
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर चौधरी जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग बालिका छात्रावाास साबला पहुंची तथा वहां पर शौचालय, बालिकाओं के कमरें, रहन व्यवस्था, रसोई, खाद्य सामग्री, साफ-सफाई का गहनाता से निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से नाश्ता, भोजन, दुध एवं फल मिलने के बारें में जानकारी ली जिस पर बच्चों ने हामी भरी। जिला कलक्टर चौधरी ने रसोई में जाकर डिब्बों में रखी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता भी देखी । साथ ही स्टोर में संग्रहित खाद्य सामग्री का भी निरीक्षण किया, जिसमें कुछ पैकेट्स एक्सपायरी डेट से बाहर के थे । इस पर जिला कलक्टर चौधरी ने पुछ जिस पर उन्होंने कोरोना काल के दौरान छात्रावस बंद होने से उपयोग नही होने की बात कही। इस पर जिला कलक्टर ने एक्सपायरी डेट के पैकेट्स काम में नही लेने तथा खाद्य सामग्री का उपयोग करने से पूर्व इस बात का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिये।
बेणेश्वर धाम पर देखे विकास कार्य, की खुशहाली की प्रार्थना
बेणेश्वर धाम पहुंचकर जिला कलक्टर चौधरी ने विकास कार्यो को देखा। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों से मुख्यमंत्री बजट घोषणा में स्वीकृत कार्यो के बारें में जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं को कोविड गाईडलाईन की पूर्ण पालना करवाते हुये दर्शन व्यवस्था करने तथा भीड एकत्रित नही होने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने शिवालय तथा राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर खुशहाली एवं अमन-चैन की प्रार्थना की।
कोविड गाइडलाइन की पालना करने की अपील
जिला कलक्टर चौधरी ने वहां पर मौजूद दर्शनार्थियों एवं आमजन से कोविड गाइडलाइन की पूर्ण पालना करने, मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंस रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देशों की पूर्ण पालना करते हुये भीड एकत्रित न करें तथा एक साथ समूह में ना आकर एक के बाद एक दर्शन करें।
0 टिप्पणियाँ