प्लास्टिक का उपयोग बंद कर धरती बचाने का संदेश घर घर पहुंचाने का लक्ष्य

 उदयपुर। सद्भाव सेवा फाउण्डेशन की ओर से प्लास्टिक के अंधाधुन उपयोग के कारण पर्यावरण एवं धरती को हो रहे नुकसान के प्रति आम जनता में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्लास्टिक के उपयोग से हो रहे नुकसान का संदेश देने वाले बैनर, पोस्टर लगाये जा रहे हैं और प्लास्टिक के बजाय वैकल्पिक साधनों के उपयोग हेतु विभिन्न विद्यालयों के बच्चों में पोस्टर, ड्राईंग प्रतियोगिताएं आयोजित कर घर घर प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

यह जानकारी देते हुए फाउण्डेशन के अध्यक्ष ओम अग्रवाल ने बताया कि सारी दुनिया प्लास्टिक के दुष्प्रभाव को जानती है कि यह 500 वर्षो तक नष्ट नहीं होता। समुद्रों, नदियों, तालाबों, झीलों, खेतों में लाखों टन प्लास्टिक जमा हो गया है। इसमें 50 प्रतिशत से अधिक प्लास्टिक सिंगल यूज वाला है, जो पर्यावरण के लिए अत्यन्त घातक है। प्लास्टिक का दुष्प्रभाव शाकाहारी मवेशियों खासकर शहरी गौवंश पर भी पड़ा है। इसलिए फाउण्डेशन की ओर से ’प्लास्टिक हटाओ-धरती बचाओ-पर्यावरण बचाओ’ कार्यक्रम हाथ में लिया गया है।

अग्रवाल ने बताया कि फाउण्डेशन के इस नेक उद्देश्य को घर घर पहुंचाने के लिए विभिन्न विद्यालयों के बच्चों के मध्य निबंध, ड्राईंग, पोस्टर, वाद विवाद, कविता, नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी तथा भविष्य में इन गतिविधियों को और गति दी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ